शाहजहांपुर। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला तहवरगंज निवासी शिवकुमार तांगे पर ईंटें लादकर गांव मिश्रीपुर गया था। आरोप है कि तभी गांव का ही एक व्यक्ति कार से आया और तांगा हटाने को कहा। जब शिव कुमार ने थोड़ी देर रुकने को कहा तो आरोप है कि उक्त व्यक्ति आग-बबूला हो उठा और मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव में आए नाली निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे जुल्फिकार को भी उसने पीट दिया। शिव कुमार और जुल्फिकार ने घटना की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। सीओ सिटी सरवणन टी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद