कटरा स्टेट हाइवे पर सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कन्नौज के थाना सौरिक क्षेत्र के गांव नगलाराम निवासी 25 वर्षीय विनीत सुबह करीब नौ बजे बाइक से अपनी मां 50 वर्षीय सरिता देवी को बाइक से बरेली दवा दिलाने जा रहे थे, तभी रास्ते में कटरा-जलालाबाद रोड पर थाना मदनापुर क्षेत्र में गांव बरुआ के पास उनकी बाइक में सामने से आ रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने सरिता को मृत घोषित कर दिया। घायल विनीत से पुलिस ने किसी तरह से उनका नाम पता ज्ञात किया और हादसे की सूचना परिवार वालों को दी। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिवार वाले जिला अस्पताल नहीं पहुंचे थे। डॉक्टरों के मुताबिक विनीत के सिर में गंभीर चोट लगी है और उसकी हालत गंभीर है।