खुटार (शाहजहांपुर)। भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बने हैं। उनके रिश्तेदार पंजाब में रहते हैं जिनका फार्म हाउस बंडा के गांव दिउरी शेरपुर में भी है। रिश्तेदार राजेश बेरी इन दिनों अपने फार्म हाउस पर आए हैं। उन्होंने अमर उजाला से बातचीत में तमाम बातें साझा कीं।
राजेश के पिता महेश बेरी के चाचा रघुवीर सेन बेरी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के नाना हैं। राजेश बताते हैं कि ऋषि सुनक की अपने 92 वर्षीय नाना से मोबाइल पर बात होती रहती थी लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद तमाम प्रोटोकाल लागू हो जाने से बात कम हो पाती है। जब ऋषि ने सितंबर 2009 में बंगलौर आकर अक्षता मूर्ति से शादी की थी तब परिवार के लोगों के साथ उन्होंने दिल्ली में समय बिताया था। ऋषि सुनक के पिता और मां ऊषा सुनक भी उन्हें मिले थे।
राजेश बेरी ने बताया कि अगले महीने पंजाब में रहने वाले रिश्तेदार ब्रिटेन जाने का प्रोग्राम बना रहे हैं। वहां पहुंचकर सभी लोग ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देना चाहते हैं। राजेश बेरी का दिउरी शेरपुर में फार्म हाउस 1952 से है। वह लुधियाना से कभी-कभी यहां आते हैं। बीडीसी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर त्रिवेदी रविवार को राजेश बेरी के फार्म हाउस पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाई।