खुटार क्षेत्र के गांव नवदिया में बुधवार को एक युवती का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पड़ोस के गांव निवासी एक युवक पर पीटने का आरोप लगाया है। उस घटना से आहत युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में गांव नवदिया सराय निवासी हरिश्चंद्र की 20 वर्षीय पुत्री सीता देवी का शव बुधवार को घर में फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने आत्महत्या का कारण पड़ोस के गांव निवासी युवक द्वारा युवती को प्रताड़ित किया जाना बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
हरिश्चंद्र की पत्नी सुनीला देवी ने बताया कि वह अपनी पुत्री लक्ष्मी, प्रियंका और पुत्र प्रिंस के साथ बुधवार को खेत पर गईं थीं। बड़ा पुत्र रोहित मजदूरी करने गया था। उनकी पुत्री सीता घर पर अकेली थी। दोपहर करीब एक बजे उसका छोटा पुत्र प्रिंस घर लौटा तो घर में पड़े टिन शेड की बल्ली में सीता का शव रस्सी के सहारे लटकता देखा। जानकारी होने पर आसपास के कई लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर प्रिंस की मां और बहनें भी घर पहुंच गईं।
जिला मुख्यालय से फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोप है कि 17 जुलाई को सीता खेत की ओर गई थी। गांव नवदिया ओरीलाल निवासी एक युवक की रास्ते में सीता से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
युवक ने सीता को पीट दिया था। इस कारण सीता परेशान रहती थी। इसी वजह से सीता ने आत्महत्या की है। सुनीला देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।