गंदगी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
होली का त्यौहार सिर पर आ जाने के बावजूद शहर में जहां-तहां बिखरी गंदगी का निस्तारण कर सफाई नहीं किए जाने के विरोध में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सभी होली स्थलों समेत सड़कों पर सफाई कराने और चूना छिड़काव कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा कि होली को दो दिन शेष बचने के बावजूद शहर में गंदगी समेटने का अभियान अभी तक शुरू नहीं किया गया है। इससे त्यौहार के दिन आखत डालने के लिए होली स्थलों पर जाने वालों को गंदगी से कोई असुविधा हुई तो जन सामान्य के रोष को संभालना कठिन हो जाएगा। शहर के कई इलाकों में टंकियों की अरसे से सफाई नहीं होने से लोगो को गंदे पानी की सप्लाई मिल रही है। ज्ञापन में होली स्थलों और लॉट साहब के जुलूस मार्ग पर सफाई की विशेष व्यवस्था कराए जाने, रंग खेलने के बाद जन सामान्य को बिजली नहीं होने पर जेनरेटर से पानी की पर्याप्त आपूर्ति कराने, सभी बिजली खंभों पर खराब लाइटें बदलने, होली के मौके पर केबिल टीवी प्रसारण जारी रखने, मुचलका पाबंदी से संभ्रांत लोगों को मुक्त रखे जाने आदि मांगों का उल्लेख है। प्रदर्शन में अजय कुमार, पंकज गुप्ता, अरविंद मिश्रा, आशुतोष आर्य, अभिषेक यादव, विवेक गुप्ता, आशीष गुप्ता, हरिओम गुप्ता, आशीष तिवारी, अमित मिश्रा, रानू गुप्ता, संदेश वर्मा आदि शामिल रहे।