मीरानपुर कटरा। गांव शेरपुर निवासी होमगार्ड वेदप्रकाश (45) की बाइक में लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। वेदप्रकाश तिलहर थाने में होमगार्ड थे।
मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे होमगार्ड वेदप्रकाश बाइक से तिलहर जाने के लिए निकले थे। गांव के सामने रोड पर पहुंचते ही बरेली की तरफ से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वेदप्रकाश उछलकर दूर जा गिरे। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन वेदप्रकाश को उपचार के लिए सीएचसी तिलहर ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। सूचना पर एसडीएम राशि कृष्णा और तिलहर इंस्पेक्टर सीएचसी पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। उनकी मौत से पत्नी पुष्पा व बेटियां प्रियंका, अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। संवाद