कुर्रियाकलां। कांट थाना क्षेत्र के गांव कुर्रियाकलां निवासी हरदयाल के पुत्र मोनू (27) की बाइक पुलिस बैरिकेडिंग से टकरा गई। हादसे में मोनू व पीछे बैठे गांव के ही आदेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मोनू की मौत हो गई।
गांव में बाल काटने की दुकान चलाने वाले मोनू बृहस्पतिवार को दोस्त आदेश गुप्ता के साथ बाइक से हरदोई जिले के अनंगपुर गांव में दावत में गए थे। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वे लौट रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर की सीमा के पास धर्मपुर गांव की पुलिया पर यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। उनकी बाइक बैरिकेडिंग से टकरा गई। हादसे में मोनू के सिर पर गंभीर चोट आई। आदेश के दोनों पैर की हड्डी टूट गईं। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें राजकीय मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मोनू की मौत हो गई।
हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के इंस्पेक्टर प्रेम कुमार सागर ने बताया कि अपराधियों पर नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग लगाए गए थे। गलत तरीके से बाइक चलाने से हादसा हुआ है। मोनू हेलमेट भी नहीं लगाए था।
पत्नी गुमसुम, चार बच्चों की परवरिश की चिंता
-मोनू के पास जमीन नहीं थी। बाल काटने की दुकान से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनकी मौत से पत्नी लक्ष्मी देवी गुमसुम हो गईं। उन्हें 14 वर्ष के बेटे रौनक, 11 साल की काजल, आठ वर्षीय मिलन और चार वर्ष के मगन की परवरिश की चिंता सताने लगी है। परिवार का एकमात्र सहारा मोनू की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मोनू का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन