थाना आरसी मिशन में निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर से जानकारी लेते राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप। संवा
शाहजहांपुर। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने राहुल गांधी पर हमला बोला। कहा, कांग्रेस और राहुल गांधी का अहंकार देश के कानून से बड़ा नहीं है। किसी समाज के सरनेम को अपशब्द कहना या अपमानित करना किसी राष्ट्रीय स्तर के नेता का कार्य नहीं है।
शुक्रवार को रिलायंस पॉवर परियोजना के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी को कोर्ट ने गलती स्वीकार करने का अवसर देने के साथ ही बार-बार समझाने की भी कोशिश की, लेकिन वह अहंकार में डूबे रहे। यह राहुल गांधी की आदत में शुमार है। राहुल गांधी ने हिंदुस्तान के मस्तक को विदेश में झुकाने का काम भी किया है।
इससे पहले मंत्री ने भावलखेड़ा ब्लॉक और आरसी मिशन थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाने में महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस, थाना प्रभारी कक्ष अदि को देखा। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं से बेहतर व्यवहार किया जाए। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अपराधियों के भीतर कानून का भय व्याप्त हो और पीड़ित बिना किसी भय के थाने आकार अपनी शिकायत दर्ज करा सके। इस मौके पर विधायक हरिप्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, अरुण गुप्ता, सीडीओ एसबी सिंह, सीओ सिटी एपी सिंह आदि मौजूद रहे।