कलक्ट्रेट में मतदान बढ़ाने के लिए स्वीप के तहत बैठक करते डीईओ। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन और ददरौल विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इसमें स्कूल और कॉलेजों के प्राचार्याें और प्रधानाचार्यों, आईआईए व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
डीएम ने सभी से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाए। 13 मई को लोग घरों से बाहर निकलकर लोकतंत्र के सशक्तीकरण में भागीदार बनें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर छाया, पेयजल, ओआरएस, मेडिकल किट, बिजली, बैठने आदि की उचित व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदाता निजी वाहन से मतदान करने के लिए मतदेय स्थल के 200 मीटर दूरी तक ही आ सकता है। कोई भी व्यक्ति वाहन से मतदाताओं को ढोने का कार्य नहीं करेगा।
मतदाता पर्ची बांटने का कार्य प्रारंभ होने वाला है। जिस मतदाता को पर्ची न मिले, वह संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकता है। हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से कहा कि अपने-अपने स्कूल के बच्चों को जागरूक करें कि अपने परिवार के लोगों को मतदान करने अवश्य भेजें। उन्होंने समस्त संस्थान एवं संगठनों के पदाधिकारी से कहा कि अपने आसपास लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का भी मतदान कराएंगे। इस दौरान सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह, एडीएम एफआर डॉ. सुरेश कुमार, डीआईओएस हरिवंश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।