खुटार के गांव बेला में शिव मंदिर और गौरीकुंड
- फोटो : KHUTAR
खुटार। गांव बेला में शिवमंदिर के पास गौरीकुंड तालाब और खुटार के गुलरहानाथ शिवमंदिर के सरोवर का जल्द ही सौंदर्यीकरण होगा। जिला पंचायत सदस्य पूजा प्रवीण मिश्रा और आनंद पटेल की मांग पर जिला पंचायत ने स्वीकृति देते हुए सूचना जारी की है।
खुटार से लगभग बीस किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बेला में प्राचीन शिव मंदिर के पास गौरीकुंड है। शिवमंदिर और तालाब एक दूसरे से सटे हुए हैं। जिस कारण ही शिवमंदिर का नाम गौरीकुंड पड़ा। कहा जाता है कि यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूर्ण होती है। साथ ही यहां के तालाब के जल का भी विशेष महत्व है।
ग्रामीणों के अनुसार दूर-दूर से श्रद्धालु आकार तालाब से जल लेकर जाते हैं। इससे त्वचा एवं कान से संबंधित बीमारियां भी ठीक हो जाती हैं। पिछले कई वर्षों से यहां के लोग गौरीकुंड के सौंदर्यीकरण की मांग कर रहे थे। ग्राम बेला के पूर्व प्रधान प्रवीण मिश्रा संटू की पत्नी व जिला पंचायत सदस्य पूजा प्रवीण मिश्रा के प्रस्ताव पर जिला पंचायत ने स्वीकृति देते हुए सूचना जारी कर दी है। इससे लोगों को तालाब के सौंदर्यीकरण की उम्मीद बंध गई है।