मीरानपुर कटरा पुलिस की गिरफ्त में स्मैक तस्कर। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। तिलहर में नेशनल हाईवे पर पुलिस ने स्मैक के साथ दो लोगों को कटरा पुलिस ने पकड़ लिया। उनके पास से तीन सौ ग्राम स्मैक, दो बाइकें बरामद हुई है। बरेली के तीन तस्करों से उन्होंने स्मैक खरीदी थी। दावा है कि बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में नौ लाख रुपये है।
मीरानपुर कटरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान सीएचसी तिराहे पर घेराबंदी की। रात करीब 11:30 बजे अलग-अलग बाइक पर सवारों की तलाशी ली तो दोनों के पास थैली में स्मैक बरामद की। तीन सौ ग्राम स्मैक बरामद होने के बाद पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई।
एसपी देहात मनोज अवस्थी ने बताया कि पुलिस टीम ने राशिद खां निवासी मोहल्ला आजमनगर नई बस्ती व अफजल निवासी वार्ड नंबर 11 थाना विशारतगंज जिला बरेली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनाें ने बताया कि उन्होंने बरेली के विशारतगंज के रहने वाले कालू, अरशद व मुसाइद से कटरा-तिलहर हाईवे पर स्मैक खरीदी थी।