शाहजहांपुर/ मीरानपुर कटरा। खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव भुड़िया निवासी सौरभ गंगवार (30) की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बरेली के एक निजी अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। वह बरेली के रामपुर गार्डन में निजी लैब में टेक्निशियन था।
सौरभ गंगवार बरेली में रहता था। रविवार रात वह बाइक से घर लौट रहा था। कटरा-खुदागंज रोड पर कपूर नगला गांव के पास किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच राहगीर ने पहचान करते हुए सौरभ के परिजनों को सूचना दी। वह उसे बरेली ले गए। वहां उसकी मौत हो गई। सौरभ की मौत से भाई संदीप, बहन शीवा व साक्षी का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक दिसंबर को जानी थी बरात, घर में पसरा मातम
परिवार में सबसे बड़े सौरभ गंगवार काफी होनहार था। परिजन ने उसकी बरात पीलीभीत जिले के बड़ा गांव की युवती से तय की थी। एक दिसंबर को उसकी शादी होनी थी। सौरभ की मौत के बाद से पूरे परिवार में मातम है।
घर के बाहर खड़े व्यक्ति की हादसे में मौत
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव गौटिया ब्यूर निवासी हरवीर सिंह को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हरवीर रविवार रात अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच चालक वाहन को भगा ले गया। परिजन ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं परिजन ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। संवाद