फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: 34,449 लोगों को दोबारा जारी होंगे आयुष्मान कार्ड

Sun, 08 Sep 2024 02:54 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। डाटा में गड़बड़ी व अन्य तकनीकी दिक्कतों की वजह से आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भटकने वाले जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यालय से जारी 34,449 लोगों के डाटा में गड़बड़ी को दूर कर उनके कार्ड बनाए जाएंगे। सीएमओ ने स्वास्थ्य इकाइयाें को संशोधित सूची के अनुसार कार्ड बनाने के लिए निर्देशित किया है।
विज्ञापन

जिले में 12 लाख 70 हजार 293 कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया था। वर्ष 2011 की जनगणना की सूची में शामिल पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विभाग ने स्वास्थ्य इकाइयों में शिविर लगाए। फिर गली-मोहल्लों में टीमों ने जाकर कार्य किया। इस बीच नौ लाख 53 हजार 381 लोगों के कार्ड बना दिए गए हैं। काफी प्रयास के बाद भी स्वास्थ्य विभाग लक्ष्य के नजदीक नहीं पहुंच पाया। इस बीच बड़ी संख्या में लोग सामने आए, जिन्होंने सूची में गड़बड़ी होने पर कार्ड बनने में दिक्कत को लेकर पत्राचार किया।
शासन से लेकर जिला स्तर तक शिकायतें आईं, तब सूची को एक बार फिर से संशोधित कर कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया। स्वास्थ्य विभाग के पास मुख्यालय से संशोधित सूची प्राप्त हो गईं। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि 34,449 लोगों की सूची प्राप्त हो गई। इनमें बहुत से ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके नाम या डाटा में गड़बड़ी है। संबंधित व्यक्ति डाटा में गड़बड़ी को दूर कराकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
विज्ञापन


शपथपत्र भी देना होगा
-पहले प्रार्थनापत्र के साथ जरूरी कागजात लगाकर आवेदन स्वीकृत कर लिया जाता था। नई गाइडलाइन के हिसाब से शपथ पत्र भी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराना होगा। नए या पुराने आवेदकों को शपथ देने के बाद कार्ड बनाने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
-
केस वन
-तारीन गाड़ीपुरा निवासी हर्षिता गुप्ता का आयुष्मान कार्ड किसी हर्षित नाम के व्यक्ति ने अपने नाम पर बनवा लिया। हर्षिता को जरूरत होने पर कार्ड बनवाने पहुंची तो गड़बड़ी पकड़ में आई। वह तीन बार प्रार्थनापत्र दे चुकी हैं। अब सीएमओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
-
केस टू-
मोहल्ला झंडाकलां निवासी साजिद खान का आयुष्मान कार्ड पिता के नाम की स्पेलिंग में गड़बड़ी के चलते नहीं बन सका। वह भी काफी दिन से चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने भी अपना प्रार्थनापत्र स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिया है।

इनके बनेंगे कार्ड
26329 वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनेंगे।
2248 पात्र राशन कार्ड धारकों के नाम सूची में शामिल।
129 अंत्योदय राशन कार्ड धारकों के कार्ड बनाए जाएंगे।
5785 सीएम जन आरोग्य अभियान के तहत कार्ड बनेंगे

संशोधित सूची आने के बाद कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया है। नाम में गड़बड़ी की वजह से परेशान आवेदक सुधार कराकर आयुष्मान कार्ड को बनवा लें। स्वास्थ्य इकाइयों को गोल्डन कार्ड बनाने के लिए निर्देशित किया है।
विज्ञापन

डॉ. आरके गौतम, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें