शाहजहांपुर। दिवाली पर खरीदारी का दौर चल रहा है। ऑनलाइन कंपनियां भी लुभावने ऑफर दे रहीं हैं। साइबर अपराधी लोगों को निशाना बनाने के लिए फर्जी लिंक भेजकर खाता खाली करने में लगे हैं। अपराध से बचाने के लिए पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। एसपी के निर्देश पर थाने वार अभियान चलाया जा रहा है।
दीपों के पर्व पर बड़े पैमाने पर खरीदारी होती है। खासतौर पर धनतेरस में खरीदारी शुभ माने जाने के कारण बाजार चरम पर होता है। दूसरी तरफ बाजार जाने के झंझट से बचने के लिए बड़े पैमाने पर लोग ऑनलाइन खरीदारी करते हैं। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों ने दिवाली को देखते हुए कई ऑफर निकाले हैं। इसका फायदा उठाते हुए साइबर अपराधी मिलते-जुलते नामों से ई-मेल व सोशल मीडिया प्लेटफार्म नेटवर्क तैयार कर लोगों को लुभावने ऑफर के लिंक भेजते हैं। साइबर सेल प्रभारी नीरज यादव बताते हैं कि ऑनलाइन खरीदारी करते हुए सावधानी बरतना जरूरी है। जरा सी लापरवाही से खाता खाली हो सकता है।
ये बरतें सावधानी
किसी भी लिंक को क्लिक करने से बचें।
अपनी ओटीपी शेयर न करें, फ्री वाई-फाई का प्रयोग न करें।
क्रेडिट या डेबिट कार्ड की जानकारी वेब ब्राउजर पर सुरक्षित न करें।
सोशल मीडिया साइट्स के लिए आधिकारिक ई-मेल का इस्तेमाल न करें।
जन्मतिथि, नाम, मोबाइल नंबर को पासवर्ड में बिल्कुल न डालें।
साइबर अपराध से लोगों को बचाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं। स्कूल-कॉलेजों व सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को हैंडबिल देकर साइबर अपराधियों से बचने को जागरूक किया जा रहा है। - एस.आनंद, एसपी