टाउनहाल स्थित आरएसएस कार्यालय के चैनल पर एक युवक पेशाब कर रहा था। संघ कार्यकर्ता ने उसे टोका तो वह भड़क गया। उसने अपने साथी बुला लिए और कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।
शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के टाउन हाल में बुधवार की रात करीब 10:40 बजे कुछ लोगों द्वारा चैनल के पास पेशाब करने को लेकर विवाद हो गया। विरोध करने पर आरोपियों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कार्यालाय में घुसकर तोड़फोड़ की। कार्यालय में रहने वालों से भी मारपीट की गई। मामले में थाने में तहरीर दी गई है।
विज्ञापन
बुधवार की देर रात कुछ लोग कार्यालय के चैनल पर पेशाब कर रहे थे। अंदर से महानगर प्रचारक मंजीत ने विरोध किया तो युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी। मंजीत ने तुरंत विभाग कार्यवाह रवि मिश्रा को सूचना दी। इधर, युवकों ने भी अपने सहयोगी बुला लिए और कार्यालय का घेराव करते हुए तमंचे से फायर कर दिया।
हमला करने वाले का नाम शशांक बताया जा रहा है। रवि मिश्रा समेत कई लोग मौके पर रात में ही पहुंच गए। सीओ सिटी समेत कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि तहरीर मिल गयी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।