कस्बे में एसबीआई मेन ब्रांच के एटीएम से निकले दो हजार रुपये के एक नकली नोट के मामले की पुलिस शनिवार को बैंक के खुलने पर जांच करेगी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भरत गौतम ने बताया कि कस्बे के मोहल्ला नौसारा निवासी ऋतिक गुप्ता ने बृहस्पतिवार शाम एसबीआई के एटीएम से दस हजार रुपये निकाले थे। एटीएम से उन्हें यह भुगतान उसमें दो-दो हजार रुपये के नोट में मिला। ऋतिक ने नोट चैक किए तो उनमें एक नोट नकली निकला। इस पर ऋतिक ने कोतवाली में तहरीर दी। शुक्रवार को बैंक बंद होने के कारण पुलिस यह पुष्ट नहीं कर सकी कि नोट वास्तव में नकली है और बैंक के एटीएम से ही निकला है। कोतवाल ने बताया कि शनिवार को बैंक खुलने पर इस मामले की जांच की जाएगी।