शाहजहांपुर में अंतर्राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में दूसरे दिन के सत्र का शुभारंभ करते अब्दुल वाहिद
शाहजहांपुर। आर्ट फेमिली इंडिया के संस्थापक चित्रकार मोहम्मद तौकीर को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में देश-विदेश के 20 नामचीन चित्रकारों की कलाकृतियों को सहेजा गया। उद्घाटन के बाद दूसरे दिन प्रदर्शनी को देखने के लिए कला प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम का समापन 28 फरवरी को होगा।
रविवार को दूसरे दिन के सत्र का अब्दुल वाहिद खां ने शुभारंभ किया। तौकीर आर्टकेड के डायरेक्टर मोहम्मद कमर ने बताया कि प्रदर्शनी में नजमा अख्तर (बांग्लादेश), पूजा राज (नई दिल्ली), प्रो. अंबरीश नंदन (शांतिनिकेतन), सुभाशीष चक्रवर्ती (पश्चिम बंगाल), दीक्षा गोयल (शाहजहांपुर), राहुल मुखर्जी (कोलकाता), सबा नकवी आदि की कलाकृतियों को लगाया गया है। देश-विदेश के आमंत्रित कलाकारों द्वारा उनके सभी अमूल्य चित्रों में विशेष कलात्मक गुणों के साथ जीवन के विभिन्न पहलुओं, सामाजिक सरोकारों, दर्शन, प्रकृति से संवाद, अध्यात्म एवं मन की आंतरिक भावनाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सारगर्भित करते हुए कैनवास पर अवतरित किया गया है।