शाहजहांपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 2025 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जिले में 17 पंजीकरण अथवा अग्रसारण केंद्र बनाए हैं। पिछले साल की तरह परीक्षार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से ही पंजीकरण करना होगा।
शहर में जीआईसी और जीजीआईसी को केंद्र बनाया गया है। तिलहर में राजकीय हाईस्कूल नौगाई, कटरा-खुदागंज के जीजीआईसी खेड़ा नवादा, मदनापुर के राजकीय हाईस्कूल बरुआ, कांट के चांदापुर स्थित जीआईसी, जीआईसी कलान, राजकीय हाईस्कूल जमुनिया दौलतपुर कांट, राजकीय उमा विद्यालय खंडहर जलालाबाद, राजकीय उमा विद्यालय बरी प्रसिद्धपुर जैतीपुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकयी मॉडल इंटर कॉलेज बिलंदपुर गद्दीपुर सिंधौली, राजकीय उमा विद्यालय चांदपुर खुटार, राजकीय उमा विद्यालय चितरउ मिर्जापुर और राजकीय उमा विद्यालय बितौनी पुवायां में भी केंद्र बनाए गए हैं।
डीआईओस हरविंश कुमार ने बताया कि जीआईसी व जीआईसी में हाईस्कूल के 600 परीक्षार्थियों के आवेदन अग्रसारित किए जाएंगे। अन्य सभी अग्रसारण केंद्र पर एक हजार परीक्षार्थियों के आवेदन को अग्रसारित किया जाएगा। इनमें हाईस्कूल के 400 एवं इंटरमीडिएट 600 परीक्षार्थी होंगे।
निर्धारित संख्या से अधिक अग्रसारण पर संबंधित प्रधानाचार्य के विरुद्ध प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी। पत्राचार अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का आवेदन अग्रसारित नहीं कर सकेंगे। पंजीकरण या अग्रसारण केंद्र से कोई भी आवेदन सीधे बोर्ड कार्यालय को नहीं भेजा जाएगा।
बताया कि सात राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को पत्राचार का पंजीकरण केंद्र निर्धारित किया गया है। इनमें जीआईसी, जीजीआईसी, एलबीडी गर्ल्स इंटर कॉलेज तिलहर, आरवीएम इंटर कॉलेज तिलहर, जीजीआईसी पुवायां, पुवायां इंटर कॉलेज पुवायां, सेठ सियाराम इंटर कॉलेज जलालाबाद शामिल हैं।
-
विदेशी नागरिकों को प्रस्तुत करना होगा निवास प्रमाण पत्र
प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थी या विदेशी नागरिकों को व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में परिषदीय परीक्षाओं में शामिल होने के लिए उन्हें प्रदेश में दो वर्ष में निवास करने का प्रमाण पत्र आवेदन के समय प्रस्तुत करने पर ही अनुमति मिलेगी। हालांकि, यह नियम अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों व प्रवासी कश्मीरियों पर लागू नहीं होगा।