फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

58 हजार गन्ना किसानों के खातों में आज से पहुंचने लगी धनराशि

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दिवाली से पहले किसानों का बकाया गन्ना मूल्य चुकता करने के लिए सहकारी मिलों को 133.34 करोड़ रुपये का वित्तीय पैकेज जारी किया था। मंगलवार से पुवायां और तिलहर सहकारी चीनी मिल से जुड़े करीब 58 हजार किसानों के खातों में गन्ना मूल्य की बकाया धनराशि पहुंचने लगी है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि किसानों को भुगतान के लिए बैंकों को करीब 18 करोड़ रुपये की इनवाइस मंगलवार दोपहर भेज दी गई है।
विज्ञापन

जिले की चीनी मिलों में नया पेराई सत्र नवंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू होना है लेकिन किसानों का 99.39 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य अभी तक तिलहर व पुवायां सहकारी चीनी मिलों समेत बजाज ग्रुप की मकसूदापुर मिल पर बकाया है। मकसूदापुर मिल ने 202.36 करोड़ रुपये का गन्ना खरीदा। मिल प्रबंधन किसानों को अभी तक महज 60 प्रतिशत (121.14 करोड़ रुपये) भुगतान कर सकी है। इसके बावजूद मिल पर किसानों का करीब 81.22 करोड़ रुपये अभी बकाया है। इसी तरह तिलहर मिल पर किसानों की 10.82 करोड़ रुपये और पुवायां मिल पर 7.35 करोड़ रुपये की गन्ना देनदारी शेष है।
जिले में सहकारी क्षेत्र की पुवायां मिल समिति और सहकारी समिति से लगभग 30 हजार और तिलहर सहकारी मिल से 28 हजार किसान जुड़े हैं। बजाज ग्रुप की मकसूदापुर मिल की पेराई क्षमता अधिक होने से उससे सर्वाधिक करीब 35 हजार किसान जुड़े हैं लेकिन शासन से जारी वित्तीय पैकेज का लाभ केवल पुवायां और तिलहर मिल से जुड़े किसानों को मिलेगा। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. खुशीराम भार्गव के अनुसार दोनों मिलों पर बकाया के दृष्टिगत संबंधित बैंकों को 18.17 करोड़ रुपये की इनवाइस भुगतान आदेश भेज दिया गया है।
विज्ञापन

चीनी मिलों को समय से चलाने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर। सीडीओ श्याम बहादुर सिंह ने जिले की चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को बैठक कर किसानों के हित मेें चीनी मिलों में पेराई कार्य घोषित तिथियों पर शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मिलों में जितनी जल्दी पेराई शुरू होगी, उतनी ही शीघ्रता से गन्ना पेरा जा सकेगा और चीनी उत्पादन बढ़ेगा।
नए पेराई सत्र की कार्य योजना के अनुसार निगोही व मकसूदापुर मिल को नौ नवंबर से, रोजा मिल को दस नवंबर से, तिलहर मिल 15 नवंबर से और पुवायां मिल में 22 नवंबर से पेराई शुरू होनी है। सीडीओ ने मिल प्रतिनिधियों को मिल कारखानों की मरम्मत और रखरखाव का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि समय से पेराई शुरू होने पर किसानों को अगली फसल की तैयारी करने में सुविधा होगी और मिलें देर से बंद नहीं होंगी। गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा में मकसूदापुर मिल को फिसड्डी पाए जाने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए मिल प्रतिनिधि को एक सप्ताह में बकाया का संपूर्ण भुगतान नहीं करने पर आरसी जारी कराने की चेतावनी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें