ग्राम प्रधानी के चुनाव में प्रत्याशियों ने अब पशुओं को भी अपने प्रचार का माध्यम बना लिया है। विकास खंड भावलखेड़ा की ग्राम सभा बल्लिया में वैसे 4765 मतदाता हैं, लेकिन पूरे ब्लाक में सबसे ज्यादा 27 प्रत्याशी भी यहां के प्रधानी के लिए अपना दमखम दिखा रहे हैं। वैसे तो अधिकतर प्रत्याशी घर-घर जाकर प्रचार का कार्यक्रम सुबह से शाम तक चला रहा है। शाम होते ही कच्ची का कुटीर उद्योग भी खूब चल रहा है। पूरे गांव की दीवारें पोस्टरों से पटी पड़ी हैं। संवेदनशील बूथ होने के बाद भी यहां निर्वाचन आयोग का डर नहीं दिखाई दे रहा है। सरकारी संपत्ति अथवा पंचायत भवन तक पर प्रत्याशियों के बैनरों को साफ देखा जा सकता है। हद तो तब हो गई जब गांव में घूमने वाले पशुओं की सींगों पर अपने प्रचार का तरीका अपनाते हुए एक प्रत्याशी ने अपना पोस्टर लगा दिया है। पिछले तीन दिनों से पूरे गांव में यह गाय रोटी की तलाश में घर-घर जा रही है और प्रत्याशी का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार भी कर रही है।