तनवीर खां, जिलाध्यक्ष-स्त्रोत-स्वयं
शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को धार देने के उद्देश्य से जिले में सपा का प्रशिक्षण शिविर 18 व 19 अक्तूबर को होगा। प्रांतीय कार्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दो दिवसीय कार्यक्रम फाइनल कर दिया गया है। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सपा मुखिया के अतिरिक्त कई राष्ट्रीय व प्रांतीय नेताओं के भी इसमें आने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद नगर निकाय चुनाव में सपा का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा लेकिन सपा का राष्ट्रीय नेतृत्व आने वाले लोकसभा चुनाव में साइकिल की रफ्तार को तेज करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर समाजवाद की नीतियों को बूथ, सेक्टर प्रभारियों, विधानसभा और जिला कमेटी के पदाधिकारियों तक पहुंचाने की तैयारी है। शिविर के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कार्यक्रम फाइनल हो गया। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि शिविर के शुभारंभ वाले दिन 18 अक्तूबर को पूर्व मुख्यमंत्री आ जाएंगे। अगले दिन समापन पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को उनका मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उनका कार्यक्रम फाइनल होने के बाद आयोजन स्थल को देखने की तैयारी शुरू हो गई।
सात को आएंगे प्रशिक्षण प्रभारी: प्रशिक्षण शिविर का प्रभारी अखिलेश यादव के करीबी पूर्व एमएलसी आनंद भदौरिया व शशांक यादव को बनाया गया है। दोनों नेता सात अक्तूबर को ही आ जाएंगे और कार्यक्रम की रूपरेखा को तैयार करेंगे।