आर्य महिला डिग्री कॉलेज में छात्राओं को डिग्री प्रदान करतीं प्राचार्या डॉ. कनक रानी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। आर्य महिला डिग्री कॉलेज में शनिवार को उपाधि वितरण मेला का आयोजन किया गया। इसमें शैक्षिक सत्र 16-17, 17-18 और 18-19 में उत्तीर्ण होने वाली छात्राओं को महाविद्यालय में ही उपाधि प्रदान की गईं। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. कनक रानी ने कहा कि उपाधि प्राप्त करना छात्र-छात्राओं का चिर प्रतीक्षित सपना होता है। इसको साकार होते देखना अत्यंत सुखकारी है।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने उस सपने को साकार किया है। छात्राओं ने विश्वविद्यालय की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कभी-कभी कॉलेज जाकर उपाधि प्राप्त करना प्रत्येक छात्रा के लिए संभव नहीं हो पाता। ऐसे में कॉलेज में ही डिग्री वितरण की व्यवस्था सराहनीय है। कॉलेज की छात्राओं ने उपाधि प्राप्त कर गौरवान्वित महसूस किया। डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं में रजनी गौतम, शिवानी, रश्मि शिवशंकर आदि शामिल रहीं।