Advantages of Benefits From GST: Ananth Kumar
- फोटो : Advantages of Benefits From GST: Ananth Kumar
जीएसटी को लेकर व्यापारियों की शंकाओं के समाधान के लिए डिप्टी कमिश्नर (व्यापार कर) और एसडीएम ने उनके साथ बैठक की। श्रीराम वाटिका में पश्चिमी उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उमेशचंद्र पाठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों को इसके फायदे बताए गए। डिप्टी कमिश्नर अनंत कुमार ने कहा कि जीएसटी को लेकर व्यापारी भ्रमित न हों। जब यह प्रणाली पूरी तरह से प्रचलन में आ जाएगी, तब लोगों को फायदे ही फायदे दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि पैन कार्ड आधारित इस प्रणाली के लागू होने के बाद व्यापारियों को एक ही रिटर्न दाखिल करना होगा। जिनका सालाना टर्नओवर बीस लाख से कम है, वह इसके दायरे में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यापारी को इसमें कोई समस्या नजर आए या संशय हो तो वह उनसे संपर्क कर कर सकता है। जिलाध्यक्ष उमेशचंद्र पाठक ने कहा कि यह प्रणाली कर चोरी करने वालों के लिए परेशानी पैदा करेगी, जो व्यापारी ईमानदारी से काम कर रहे हैं, उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जीएसटी के बहाने सही तरीके से काम करने वाले व्यापारी का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बैंकों में सिक्के जमा नहीं किए जाने की शिकायत पर एसडीएम सत्यप्रिय सिंह ने शीघ्र ही बैंक प्रबंधकों की बैठक बुलाकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में पीके पांडेय, राजेश पाठक, कृष्णकांत दीक्षित, मुन्नू लाल मिश्रा, सचिन सक्सेना, गौरव भारद्वाज, श्यामू शुक्ला, राकेश वर्मा, ओमकार वर्मा आदि मौजूद रहे।