कलेक्ट्रेट सभागार में निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित करतीं मंडलायुक्त संय?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। निकाय चुनाव की समीक्षा बैठक में कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने डीएम और एसपी को शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर मतदेय स्थलों और पोलिंग बूथों का ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। कमिश्नर को तैयारियों के बारे में बताया गया कि जिले में निकाय चुनाव कराने के लिए सभी 12 नगर निकायों के लिए 654 पोलिंग पार्टियों का गठन कर 2616 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
मंलवार को मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने डीएम समेत अफसरों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को मंडलायुक्त ने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के वार्डों की आरक्षण में आवश्यकता के अनुसार निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति तत्काल कर लें। मतदाता सूची की खामियों को समय रहते दूर कराएं। मंडलायुक्त ने संबंधित एसडीएम और सीओ को 17 दिसंबर तक सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। कहा कि यह भी सुनिश्चित करें कि मतदान केंद्र राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप हों और संवेदनशील स्थानों पर मतदान केंद्र न बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह तक स्थलीय निरीक्षण कर संवेदनशीलता का आकलन करने के साथ नए स्तर से सेक्टर और जोन चिह्नित हो जाने चाहिए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निकाय चुनाव में नियमानुसार परिवहन व्यवस्था पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कानून एवं व्यवस्था से संबंधित कहीं कोई विषम स्थिति उत्पन्न होने की दशा में क्षेत्र के एसडीएम और सीओ उत्तरदायी होंगे। उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बीएलओ की अपडेट सूची तैयार कराएं। मंडलायुक्त ने निकायों के आरक्षण व चुनाव से संबंधित शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ एसपी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में सेक्टर व जोन स्तर पर पुलिस बल की तैनाती संवेदनशीलता के अनुसार पुन: परीक्षण करवाएं और इसके लिए पुलिस व मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीमेें बनाएं। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम उमेश प्रताप सिंह, एसपी एस आनंद, सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, एडीएम फाइनेंस त्रिभुवन, एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह, सभी एसडीएम आदि अधिकारी मौजूद रहे।