शाहजहांपुर। नगर निगम के जल्द होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन ने जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत भारत निर्वाचन आयोग से आवंटित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की एक खेप लखनऊ से यहां पहुंच गई। सभी ईवीएम ऑफीसर्स कॉलोनी में बनाए गए ईवीएम वेयर हाउस में कड़ी सुरक्षा में रखी गई हैं।
2017 में चुनाव के बाद नगर पालिका को नगर निगम घोषित कर दिया गया था। पांच साल से बगैर जनप्रतिनिधित्व के नगर निगम प्रशासनिक अधिकारियों के सहारे चल रहा है। अब फिर से चुनाव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। माना जा रहा है कि चुनाव नवंबर में हो सकते हैं। राजनीतिक दलों के साथ ही प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। लखनऊ से ईवीएम लेकर लौटे चकबंदी विभाग के बंदोबस्त अधिकारी (एसओसी) तेज प्रताप सिंह ने बताया कि पहले चरण में ईवीएम की 1923 सीयू (कंट्रोल यूनिट) और 2348 बीयू (बैलेट यूनिट) लाई गईं हैं जो कि राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय से प्राप्त हुई हैं। निकाय चुनाव प्रभारी/एडीएम फाइनेंस त्रिभुवन के अनुसार नगर निगम से भेजी गई मांग के अनुसार ईवीएम जुटाने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर आगे भी ईवीएम मंगाई जा सकती हैं और बहुत जल्द उनका परीक्षण कराया जाएगा।