- मंगलवार से प्रशासन की ओर से चलाया जाएगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। अवैध रूप से स्थापित की जा रहीं कॉलोनियों के विरुद्ध प्रशासन की ओर से मंगलवार से अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से ऐसी कॉलोनियों को चिह्नित कर लिया गया है। इन कॉलोनियों पर जेसीबी मशीन चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा।
शहर के कई इलाकों में विनियमित क्षेत्र से बगैर नक्शा पास कराए लोगों ने अवैध रूप से नई कॉलोनी स्थापित कर कृषि योग्य भूमि पर प्लाॅटिंग शुरू कर दी है। इनको प्रशासन की ओर से चिह्नित किया गया है।
ऐसी कॉलोनियां में जिनमें अभी निर्माण कार्य तो शुरू नहीं हुआ है, लेकिन ईंट आदि लगाकर प्लाॅटिंग के लिए बेस तैयार कर दिया गया है। प्लाॅटिंग करने वाले लोगों ने सस्ते दामों में जमीन दिलाने के लिए शहर में दलालों का जाल बिछा रखा है।
विनियमित क्षेत्र के इंजीनियरों से ऐसी कई कॉलोनियों को चिह्नित कर सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को रिपोर्ट दी है। इसी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शहर के आसपास बाहरी क्षेत्रों में कई कॉलोनियां चिह्नित की गईं हैं जो कि अवैध हैं। उनके विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा।
- वेद प्रकाश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट