खुटार/पुवायां। एआरटीओ, एआरएम, सीओ यातायात की संयुक्त टीम ने खुटार में रात नौ बजे तक चेकिंग अभियान चलाकर कई बसों को सीज करने के साथ ही चालान भी काटे, लेकिन पुवायां, बंडा में डग्गामार वाहन दौड़ते रहे।
टीम ने बुधवार शाम से खुटार में चेकिंग शुरू की थी। देर रात तक आठ बसों के चालान काटे गए और सात बसों को खुटार थाने में सीज कर दिया गया। इसके अलावा नौ टेंपो के भी चालान काटे गए। इन सभी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री पाए गए थे। देर रात चेकिंग अभियान चलने की सूचना मिलने के बाद बस मालिकों ने अन्य जनपदों से खुटार होकर निकलने वाली बसों को रास्ते में ही रूकवा दिया और चेकिंग समाप्त होने के बाद आगे को रवाना किया।
खुटार में कार्रवाई की गई लेकिन बंडा और पुवायां में बृहस्पतिवार को भी बसें और डग्गामार वाहन खुलेआम चलते रहे। पुवायां से मोहम्मदी, निगोही रोड पर बसें दौड़ती रहीं, वहीं खुटार, बंडा, शाहजहांपुर रोड पर डग्गामार वाहन क्षमता से अधिक सवारियां भरकर दौड़ते रहे। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद भी पुलिस ने वाहनों का चालान काटने की जरूरत नहीं समझी। पुवायां में बस स्टैंड के सामने ही खुटार तक जाने वाले डग्गामार वाहनों का अवैध टैक्सी स्टैंड खुलेआम चल रहा है। एआरटीओ ने बताया कि पूर्व में बिना फिटनेस, परमिट के दौड़ रहे 39 वाहनों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। स्कूल प्रबंधकों को कहा गया है कि मानक के अनुरूप ही वाहन संचालिक कराएं।
रात दो बजे तक भेजी गई सवारियां
खुटार। खुटार में सात बसों को सीज किए जाने के बाद सवारियों का किरारा भी वापस करा दिया गया, लेकिन वाहन की व्यवस्था न होने से यात्री परेशान होकर ढाबों पर घूमते रहे और हाईवे किनारे बैठे रहे। एआरटीओ शांतिभूषण पांडे और खुटार थाना प्रभारी संजय कुमार ने रात दो बजे तक हाईवे पर चलने वाली रोडवेज की बसों को रुकवाकर यात्रियाें को बसों में बिठाकर आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान यात्री, खासकर महिलाएं और बच्चे बेहद परेशान रहे।
वाहन का टैक्स, बीमार, परमिट सहित सभी कागजात वाहन के साथ होने चाहिए। चेकिंग अभियान चलता रहेगा और क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने, कागजात पूरे न होने, यातायात नियमों को उल्लघंन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
शांतिभूष्ण पांडे, एआरटीओ प्रवर्तन शाहजहांपुर
पुवायां में शाहजहांपुर हाईवे पर सवारियां भर रहे मैजिक चालक। संवाद