मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
कस्बा के मोहल्ला बाजार निवासी दिलीप कश्यप (25) बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने खोखे में पान-मसाला बेचते थे। रविवार सायं करीब चार बजे वह बाइक से नेशनल हाईवे पर जा रहे थे। तभी मोहल्ला कहरान के सामने उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। दिलीप ने हेलमेट नहीं लगाए थे। करीब तीन साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उसके दस माह की बेटी है।