शाहजहांपुर। कलान तहसील में रामगंगा के तटवर्ती करीब तीन दर्जन गांवों को बाढ़ मुक्त करने के लिए शासन ने 8.37 करोड़ की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के अनुसार, कलान तहसील के परौर क्षेत्र में दहेलिया व कुंडरिया समेत जैतीपुर क्षेत्र में केसीनगला गांव के पास तटबंध समेत अन्य निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
दहेलिया में संवरेगा तटबंध, लगेंगे नए जिओ ट्यूब
परौर। रामगंगा के किनारे बसे गांव दहेलिया में हर साल ग्रामीणों को बाढ़ से जूझना पड़ता है। मानसून सीजन में कटान से गांव का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया था। कई स्थानों पर कच्चा तटबंध दरक गया। जिओ ट्यूब की दिशा बदलने से वह भी दूर खिसक गए थे। एक्सईएन के अनुसार, स्वीकृत परियोजना में दहेलिया के पास तटबंध का मरम्मत कार्य होने के साथ वहां चार नए जिओ ट्यूब लगाने और पुराने जिओ ट्यूब पहले जैसी स्थिति मेें लाकर उनमें बालू और मिट्टी का भराव किया जाएगा। रामगंगा के किनारे चितीबोझी गांव में तटबंधों की मरम्मत होनी है।
कुंडरी गांव के पास मोड़ा जाएगा रामगंगा का बहाव
परौर क्षेत्र में गत वर्ष कुंडरी समेत मोहनपुर और बिचपुरी गांवों के पास नदी का बहाव गांवों की विपरीत दिशा में मोड़ने के लिए वहां करीब 1.5 किमी की लंबाई में कंक्रीट के तिपाए (परक्यूपाएन) खड़े किए गए थे। इन तिपायों में झाड़ियां फंसने और मिट्टी जमा होने से नदी का बहाव मोड़ने में मदद मिली। कुड़री गांव के पास इस बार भी नदी का बहाव मोड़ने के लिए मुख्य धारा के किनारे कंक्रीट के तिपायों को करीब दो किमी हिस्से में बनाया जाएगा है। इससे आसपास के कई गांव बाढ़ से सुरक्षित हो जाएंगे।
केसीनगला के बाशिंदों को कटान से मिलेगी निजात
जैतीपुर। गढि़यारंगीन मार्ग पर स्थित केसीनगला गांव रामगंगा के बिल्कुल किनारे बसा होने से वहां के लोगों को हर साल बाढ़ और भूमि कटान की दोहरी विपदा से जूझना पड़ता है। नदी की तलहटी के पास केसीनगला में बीते मानसून सीजन में कटान शुरू हुआ तो आसपास बसे धुबला करीमनगर, मरेना, डभौरा, घसा कल्याणपुर आदि करीब एक दर्जन अन्य निकटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी दस्तक देने लगता है। स्वीकृत परियोजना में यहां भी नदी का बहाव मोड़ने के लिए तटबंध बनाए जाने से इन गांवों की करीब 25 हजार आबादी बाढ़ से सुरक्षित हो जाएगी। संवाद
नदियों के किनारे सर्वे कराकर 9.80 करोड़ रुपये लागत वाली बाढ़ नियंत्रण की चार परियोजनाएं शासन को भेजी गई थीं। इनमें से 1.43 करोड़ रुपये की हनुमत धाम के नए घाट पर पहुंच मार्ग और पुलिया निर्माण परियोजना को पहले स्वीकृति मिलने के कारण वहां काम शुरू हो चुका है। अब कटरा विधानसभा क्षेत्र की तीन अन्य बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। निविदादाताओं के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द इन तीनोंं परियोजनाओं के निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएंगे।
-सुनील कुमार भास्कर, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग