जलालाबाद। मोहल्ला जमदग्निनगर निवासी 41 वर्षीय अवधेश की बुधवार शाम बहराइच के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अवधेश प्राइवेट कंपनियों के ऑडिट का काम करते थे। मंगलवार को वह बहराइच में एक कंपनी का ऑडिट करने गए थे। वहां पहुंचने के बाद वह एक होटल में रुक गए। बुधवार को सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर होटल के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, तो अवधेश मृत अवस्था में बेड पर पड़े मिले। इससे कुछ देर पहले ही यहां रह रही उनकी अपनी पत्नी संतोष से फोन पर बात भी हुई थी। बहराइच पुलिस ने जांच के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। अवधेश अपने पीछे पत्नी समेत तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। संवाद