शाहजहांपुर। चौक कोतवाली पुलिस ने थाना रोजा क्षेत्र में जेब काटने के आरोपी को बरेली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा, चोरी के 32 सौ रुपये और बाइक बरामद हुई है। उसका साथी फरार हो गया।
अजीजगंज चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 10:30 नेशनल हाईवे पर आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ के गेट संख्या एक के पास से महेश निवासी मोहल्ला बारहपत्थर थाना जलालाबाद को पकड़ा। आरोपी ने बताया कि उसने 29 दिसंबर को थाना रोजा क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर ई-रिक्शा से घर जा रहे जनक देव सिंह निवासी सिटी पार्क कॉलोनी की जेब काटकर रुपये चोरी कर लिए थे। मामले में रोजा थाने में आठ जनवरी को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। घटना में रिंकू निवासी मोहल्ला अजीजगंज थाना चौक कोतवाली भी शामिल था। चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रिंकू की तलाश की जा रही है। संवाद