सड़क निर्माण की मांग को लेकर एडीएम को ज्ञापन
शाहजहंापुर। गौहरपुरा और बाबूजई के बीच सड़क निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त शिशिर कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त सड़क अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जहां से नागरिकों को निकलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा कब्रिस्तान पुलिया से मो. हुसैनपुरा तक खस्ताहाल हो चुके रोड के निर्माण की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा है कि उक्त जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर इससे पूर्व भी ज्ञापन दिया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई जिससे कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। सड़क निर्माण नहीं होने से अक्सर राहगीर ठोकरे खाकर गिरजाते हैं और चुटैल हो जाते हैं। बच्चों को स्कूल जाने में खासी परेशानी झेलनी पड़ती है। ज्ञापन में यह भी का गया कि सड़क का यदि जल्द निर्माण नही हुआ तो कार्यकर्ता मोहल्लेवासियों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में महिला कांग्रेस की महासचिव निधि शर्मा, सुमन, रोहित पांडेय, ब्रिजपाल, प्रमोद कुमार, विद्यावती, कमला देवी, पिंकी, राजेश्वरी, सुनीता, राजेश वर्मा रजत वर्मा, अभिषेक वर्मा, मो. हसीन आदि शामिल रहे।