सभी विकास कार्य अगस्त तक 99 फीसदी पूरा करें
आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शासन द्वारा विकास कार्यों को तय अवधि में पूरा कराने के लक्ष्य पर किए गए फोकस का असर जिले में भी दिखने लगा है। शुक्रवार को विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक लेते हुए सीडीओ टीके शिबू ने पाया कि पारदर्शी किसान योजना से लेकर ग्राम विद्युतीकरण में बेतरह सुस्ती छाई है। इस पर संबंधित अधिकारियों से जबाव - तलब करते हुए दो टूक अंदाज में निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य हर हाल में लक्ष्य के अनुरूप 31 अगस्त तक 99 फीसदी पूरा हो जाना चाहिए। इसमें कोई हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी और ना ही फर्जी रिपोर्टिंग चलेगी। समीक्षा में उन्होंने पाया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत पशुधन विभाग द्वारा 80 लाख रुपये के सापेक्ष मात्र 10 लाख रुपये ही व्यय किये हैं। पशुधन अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कामधेनु योजना में लाभार्थियों द्वारा पूरे पशु क्रय नहीं किये जिसके चलते ब्याज की धनराशि उन्हें नहीं दी जा सकी। पारदर्शी किसान योजना के अंतर्गत मिला कि दो लाख चार हजार 526 किसानों का पंजीकरण किया गया है जिसमें से मात्र 25 प्रतिशत किसानों को ही लाभ दिया जा सका है। विद्युतीकरण की समीक्षा में मिला कि जिले में ग्राम पंचायतों के तहत कुल 1994 मजरों में विद्युतीकरण करने के लक्ष्य के सापेक्ष महज 568 मजरों में विद्युतीकरण हुआ है। साथ ही 28 समग्र ग्रामों में विद्युतीकरण कर दिया गया है। सीडीओ ने कटिया डालने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने का निर्देश दिया। पेंशन संबंधी समीक्षा में मिला कि समाजवादी पेंशन में 77766 लाभार्थियों को पेंशन मिल रही है। बैठक में सीएमओ डॉ. कमल कुमार, डीडीओ उग्रसेन यादव समेत सभी संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।