इंजीनियरिंग के छात्र की बृहस्पतिवार शाम को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन गांव पहुंचे और शव लेकर रात में गांव लौट आए। शुक्रवार को गांव के कुचई घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। खुदागंज के मोहल्ला कायस्थान निवासी सुधीर कुमार वर्मा का 17 वर्षीय बेटा संजीव कुमार वर्मा फ्यूचर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी फरीदपुर बरेली से डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग का कोर्स कर रहा था। गांव में उसका पिता का टेंट हाउस है। सहालग में काम अधिक होने के कारण संजीव पिता के काम में मदद करता था। बृहस्पतिवार को बरेली के ग्राम खटेली में एक शादी समारोह में उसका टेंट लगना था। पिता ने कारीगरों के साथ बेटे को भी वहां भेज दिया। बताते है कि शाम करीब 7:30 बजे संजीव सीढ़ी पर चढ़कर टेंट बांध रहे थे इसी दौरान ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन संजीव के सिर से टच हो गई जिससे वह करंट से बुरी तरह झुलस कर नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पिता अजय कुमार वर्मा सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दिए बगैर शव लेकर रात में गांव आ गए। शव गांव में पहुंचते ही परिजनों का कोहराम मच गया। परिजनों ने शुक्रवार को उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।