28 दिसंबर को आनी थी बरात, मामी के फर्जी निकाहनामा भेजने से टूटी शादी
भांजे ने सदर बाजार थाने में दर्ज कराई मामी समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में 60 वर्षीय मामी अपने 42 साल के भांजे के साथ शादी करने पर अड़ गई है। आरोप है कि उसने भांजे की होने वाली ससुराल में फर्जी निकाहनामा भेज दिया। भांजे की तहरीर पर पुलिस ने मामी समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
युवक ने थाने पर दी तहरीर में कहा है कि उसके मामा का इंतकाल दो मार्च 2022 को संदिग्ध हालात में हो गया था। मामा के बच्चे भी जवान हैं। युवक की कपड़े की दुकानें हैं। उसकी संपत्ति पर मामी की नीयत खराब है। वह उससे शादी करने का दवाब बना रही है। युवक ने रिश्ते की दुहाई देकर शादी से इन्कार कर दिया है।
युवक का आरोप है कि 16 दिसंबर को शाम सात बजे उसके आवास पर मामी, अपने दो पुत्रों, बहुओं आदि के साथ घुस आईं और तोड़फोड़ और मारपीट की। युवक ने बताया कि उसकी 28 दिसंबर को बरात आनी थी, लेकिन उससे पांच दिन पहले होने वाली ससुराल के पते पर मामी ने फर्जी निकाहनामा भेज दिया। इसके चलते उसकी शादी टूट गई। तहरीर आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।