जिले के विभिन्न विकास खंडों में एक दिन में 6.80 लाख पौधरोपण कराने को प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम पुष्पा सिंह ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करके वृहद पौधरोपण की तैयारियां 15 दिन के अंदर पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि 15 जून से 20 जुलाई के बीच किसी भी दिन जिले में एक साथ इतने पौधे लगाए जाने हैं। इसलिए पौधरोपण से संबंधित कोई भी कार्य अपूर्ण नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि फलदार पौधाें लगाए जाने हैं और कोई भी पौधा चार फुट से कम नहीं होना चाहिए। पौधे कतार में लगाए जाएं और उनके बीच निश्चित दूरी होनी चाहिए। डीएम ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएफओ को कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और सूखे पौधों के स्थान नया पौधा लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार से उन सभी शिक्षकों की सूची तलब की जिनकी पौधरोपण में ड्यूटी लगाई जानी है। उन्होंने नहर पटरियों के किनारे और तटवर्ती जमीन पर पौधरोपण को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि इससे पौधों को पानी की कमी नहीं होने पाएगी। डीएम ने पौधरोपण में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिस जगह पौधरोपण कराया जाए, वहीं के स्थानीय लोगों को इस काम से जोड़ा जाए जिससे कि उनका पौधों से लगाव बना रहे।