पुवायां में बरामद किए गए रसोई गैस सिलिंडर। संवाद
पुवायां। पुवायां में एक दुकानदार के घर से 52 गैस सिलिंडर बरामद किए गए हैं। दुकानदार बड़े सिलिंडरों से गैस को छोटे सिलिंडरों और वाहनों में रिफिलिंग करता था। बरामद सिलिंडरों को एक गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
गांव नहिलोरा बुजुर्ग के एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अवैध रूप से रसोई गैस के सिलिंडरों का स्टॉक करने और रिफिलिंग किए जाने की शिकायत की थी। जांच एसडीएम संजय पांडे को मिली तो उन्होंने नायब तहसीलदार सृजित निगम के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक महेश कुमार और वीरपाल की टीम गठित की थी।
नायब तहसीलदार ने पूर्ति निरीक्षक के साथ बृहस्पतिवार दोपहर बाद पुवायां के मोहल्ला परशुरामनगर में आर्य समाज स्कूल के पास राममोहन गुप्ता के घर पहुंचकर जांच की। इस दौरान रसोई गैस के 52 सिलिंडर बरामद किए गए। गैस रिफिलिंग के काम आने वाली चार उपकरण भी बरामद किए गए हैं। 21 सिलिंडर भरे थे और 31 खाली थे।
राममोहन गुप्ता ने टीम को बताया कि गैस सिलिंडर लोगों के हैं। वे खाली सिलिंडर रख जाते हैं और भरे सिलिंडर ले जाते हैं। जानकारी पाकर भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे और गैस सिलिंडर बरामद करने पर नाराजगी जताई लेकिन टीम ने उनकी एक न सुनी। मौके पर थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान, निरीक्षक अपराध राकेश सिंह सहित तमाम पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है, जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
डीएम के निर्देश पर टीम बनाकर जांच कराई गई थी। सिलिंडर कहां से आए और कैसे एकत्र किए गए, इसकी भी जांच कराई जा रही है। अन्य जगहों पर भी पूर्ति निरीक्षक के नेतृत्व में जांच और कार्रवाई कराई जाएगी।
संजय पांडे, एसडीएम पुवायां