शाहजहांपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में परिवहन निगम ने अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए 45,533 अभ्यर्थियों को गंतव्य तक नि:शुल्क पहुंचाया है। निगम ने अपनी लाग रूट की सेवाओं को बाधित करते हुए पुलिस भर्ती परीक्षा में लगा दिया था। ऐसे में यात्रियों को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा था।
पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए शासन ने नि:शुल्क सफर की घोषणा की थी। भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते परिवहन निगम ने लंबे रूट की बसों को रोकते हुए अभ्यर्थियों को लगाया था। सीमित संसाधनों के बीच व्यवस्थाओं को चलाया गया। 22 अगस्त से अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क बस सेवा को शुरू कर दिया था। प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शैलेंद्र प्रकाश ने बताया कि 26 अगस्त तक 45533 अभ्यर्थियों ने शाहजहांपुर डिपो की बसों से सफर किया। इसकी अनुमानित कीमत 57 लाख 72 हजार 827 रुपये है। परीक्षा खत्म होने के बाद अन्य रूटों पर यातायात सामान्य कर दिया है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिन में परीक्षा को देखते हुए तैयारियों को पूरा कर लिया है। अभ्यर्थियों को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।