बंडा(शाहजहांपुर)। आश्वासन के बाद भी बिजली सप्लाई में सुधार नहीं होने पर किसानों ने मंगलवार को बिजली उपकेंद्र का घेराव करने के बाद धरना प्रदर्शन किया। साथ ही अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। क्षेत्र के फीडरों पर कट लगाकर बिजली दिए जाने से नाराज किसानों ने 15 दिन पूर्व बिजली उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान एसडीओ गौरव शर्मा और एसएसओ संतोष कुमार को किसानों ने तीन घंटे तक धूप में बिठाए रखा था। एसडीओ ने 15 दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन सोमवार तक स्थिति जस की तस बनी रही। मंगलवार को किसानों ने बिजली उपकेंद्र का घेराव किया। सूचना पर पहुंचे एसडीओ गौरव शर्मा ने किसानों से दस दिन का समय और देने को कहा। जिस पर किसान सहमत हो गए और उन्होंने आंदोलन समाप्त कर दिया। एसडीओ ने बताया कि पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर पांच दिन में लग जाएगा, जिससे नभीची और गहलुइया फीडर कट मुक्त हो जाएगा। साथ ही नानकपुरी बिजली उपकेंद्र के लिए दस एमवीए का ट्रांसफार्मर जल्द ही लगाकर सरदारपुर और दलेलापुर फीडर को जोड़ दिया जाएगा। घेराव के समय जसवंत सिंह, दलजीत सिंह, नवदीप सिंह, अरविंद शुक्ला, इंद्रजीत सिंह, प्रदीप सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे।