रोजा स्थित राजकीय आईटीआई में प्रवेश के लिए पहुंचे अभ्यर्थी। संवाद
शाहजहांपुर। राजकीय और निजी औद्याेगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पहली मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों में 40.61 प्रतिशत ने प्रवेश लिया है। इनमें राजकीय आईटीआई के 731 तथा निजी के 84 अभ्यर्थी शामिल हैं।
मंगलवार को प्रथम मेरिट सूची के विद्यार्थियों के लिए राजकीय व निजी आईटीआई में प्रवेश के लिए पहले अंतिम तिथि 16 अगस्त घोषित की गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 20 अगस्त कर दिया गया। मंगलवार को प्रवेश लेने के लिए अंतिम तिथि थी। इसके चलते विद्यार्थी आईटीआई संस्थानों में पहुंचे। रोजा, पुवायां, जलालाबाद, तिलहर में स्थित संस्थानों समेत सभी में प्रवेश लिए गए।
रोजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य नगेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को अंतिम दिन 37 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। प्रथम मेरिट सूची के 1337 में 54.63 प्रतिशत यानि कुल 731 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। निजी संस्थानों में प्रथम मेरिट सूची में शामिल 670 के सापेक्ष 12.54 प्रतिशत अभ्यर्थियों के प्रवेश हुए हैं। इनकी संख्या 84 हैं। जो विद्यार्थी प्रवेश नहीं ले पाए, उनको अब अंतिम चौथे चरण में मौका मिल पाने की संभावना है।
पहले उच्चीकृत किए जाएंगे अभ्यर्थी, फिर जारी होगी दूसरी मेरिट सूची
राजकीय व निजी आईटीआई में प्रथम मेरिट सूची से प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों में कईयों ने ट्रेडों में उच्चीकृत करने के लिए आवेदन किया है। उनकी सूची को जल्द ही जारी किया जाएगा। इसके बाद बचने वाली सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट सूची जारी होगी।