सड़क हादसों में चार कांवड़िया घायल
शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार कांवड़िया घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कस्बा तिलहर के गांव निजामगंज निवासी 20 वर्षीय रजित सक्सेना, 28 वर्षीय सुधीर राठौर और रंजीत वर्मा रविवार को सुबह बाइक से फर्रुखाबाद स्थित घटियाघाट से जल भरने गए थे। वहां से गोला गोकर्णनाथ में जाते समय कांट रोड पर बाइक चला रहे रजित की अचानक टोपी उतर गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर पिपरौला के पास गुजर रही नहर की पुलिया से टकरा गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। मौके पर पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में तीनों के परिवार वाले उन्हें अपने साथ घर ले गए। वहीं सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कैलहा निवासी 30 वर्षीय रामसेवक गांव के साथियों के साथ फर्रुखाबाद स्थित घटियाघाट से कांवड़ भरने गए थे। वहां से वापस आते समय अल्हागंज में चौरसिया के पास पीछे आई एक तेज रफ्तार जीप ने रामसेवक के टक्कर मार दी। जिसमें रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रामसेवक के आक्रोशित साथियों ने जीप पर पथराव कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जीप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद रामसेवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद रामसेवक की हालत में सुधार है।