डीएम के भ्रमण के दौरान अनुपस्थित कर्मचारियों पर गिरी गाज
दो एएनएम को बर्खास्त, प्रधानाचार्य को निलंबित करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। ब्लॉक खुदागंज में डीएम के भ्रमण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने व शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में डीएम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने ब्लॉक खुदागंज के गांव चरखौला में तैनात एएनएम को स्वास्थ्य केंद्र नहीं खोलने व शासकीय कार्यो में लापरवाही व अनियमितता पाए जाने पर को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। गांव मझिला के स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नवादा दरोबस्त स्थित हाईस्कूल के प्रधानाचार्य के अनुपस्थित रहने पर उन्हें निलंबित करने व सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त नहीं कर पाने पर अधिशासी अभियंता गजेंद्र रविकुल, जिला गन्ना अधिकारी बृजेश पटेल, आरके वेश्वार उपनिदेशक मंडी निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।