पुवायां (शाहजहांपुर)। अधिवक्ता चैंबर में उप निबंधक कार्यालय खोले जाने के विरोध में सिविल बार एसोसिएशन के वकील शनिवार को प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए।
शनिवार को सिविल बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों ने एसडीएम के पुराने कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान वकीलों ने कहा अधिवक्ता चैंबर में उप निबंधक कार्यालय खोला जाना गैर कानूनी है। चैंबर को तत्काल खाली कराया जाना चाहिए। इसके अलावा अहलमद फौजदारी कार्यालय पुराने स्थान पर वापस लाया जाए और एसडीएम हफ्ते में तीन दिन पुराने कार्यालय में बैठकर कार्य निस्पादन करें। ऐसा नहीं किया गया तो वकील आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। इसके बाद चैंबर खाली कराए जाने की मांग को लेकर डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन देने के समय अध्यक्ष बलवीर सिंह, महामंत्री मनोज शुक्ला, केएन सिंह राठौर, ओमपाल सिंह यादव, श्रीकृष्ण वाजपेयी आदि वकील मौजूद रहे।