शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को जिले के चार केंद्रों पर विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा संपन्न कराई गई, जिसके लिए 2563 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से कुल 1724 परीक्षार्थी शामिल हुए।
शहर के जीआईसी स्थित केंद्र पर विद्याज्ञान परीक्षा हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई। इसके लिए 323 छात्राएं पंजीकृत थीं। इनमें से 210 ने परीक्षा दी। जबकि द्वितीय पाली दोपहर 12:30 बजे से शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक चली। पंजीकृत 287 छात्रों में 202 ने परीक्षा दी। परीक्षा के माध्यम से कक्षा छह में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापक जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कक्षा पांच में अध्ययनरत वह छात्र-छात्राएं ही इस परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र हैं, जिनके अभिभावकों की आय सालाना एक लाख से कम है। प्रवेश परीक्षा को पास करने वाले पात्र बच्चे कक्षा 6 से 12 तक निशुल्क आवासीय सुविधा वाले विद्यालय में पढ़ाई कर सकेंगे।
जलालाबाद में 468 व तिलहर में 275 ने दी परीक्षा
जलालाबाद। सेठ सियाराम इंटर कालेज स्थित केंद्र पर जलालाबाद के अलावा मिर्जापुर, मदनापुर व कलान के 738 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से कुल 468 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। प्रथम पाली में 212 छात्राएं तथा द्वितीय पाली में 256 छात्र उपस्थित रहे। जबकि तिलहर के आरबीएम इंटर कॉलेज में 275 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी है।
पुवायां इंटर कॉलेज में 569 रही उपस्थिति
पुवायां। पुवायां इंटर कॉलेज में शिव नाडार फाउंडेशन की ओर से कराई गई विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा में खुटार, बंडा, सिंधौली और पुवायां के कक्षा पांच में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बालक वर्ग में 282 और बालिका वर्ग में 287 बच्चों ने परीक्षा दी। इस मौके पर पर्यवेक्षक अमिताभ, केंद्र व्यवस्थापक जेपी मौर्या, परीक्षा प्रभारी संजय कुमार मिश्र, भुवनेश सिंह चौहान, राजीव लोचन गुप्ता, अजय कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
पुवायां इंटर कॉलेज में विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे बच्चे। संवाद