शाहजहांपुर। शिमला आल इंडिया ड्रामा कंपटीशन में शहर की संस्था अनुभूति सेवा समिति ने मेरा नाम मथुरा है नाटक मंचित कर द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा संस्था को व्यक्तिगत रूप से चार पुरस्कार भी मिले। समिति के वरिष्ठ रंगकर्मी और नाटक के निर्देशक मनोज मंजुल ने बताया कि शिमला में छह से 10 जून तक चले आल इंडिया कंपटीशन में उनकी संस्था ने मेरा नाम मथुरा है नाटक मंचित किया, जिसे सर्वश्रेष्ठ नाटक का द्वितीय पुरस्कार मिला। नाटक में मुंशी प्रेमचंद की भूमिका निभाने पर खुद उनको सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार प्रदान किया गया। गोवर की भूमिका निभाने वाले कलाकार सुहेल मोहम्मद को सह अभिनेता, झुनिया का किरदार निभाने वाली अन्नपूर्णा गुप्ता को सह अभिनेत्री तथा सर्वश्रेष्ठ स्क्रिप्ट का पुरस्कार मिला। बताया कि कंप्टीशन में विभिन्न राज्यों के 19 नाट्य दलों ने प्रतिभाग किया था। नाट्य दल में पुरस्कृत कलाकाराें के अलावा अमित श्रीवास्तव, सोनी राजवंशी, सोनू सक्सेना, हर्ष कुमार, तरुण वर्मा, शाहरुख वारसी, आयुष यादव, शिमला सक्सेना, मुस्कान सक्सेना आदि शामिल रहे।