पुवायां। कनाडा भेजने के नाम पर एक युवक से 16 लाख रुपये ठग लिए गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
बंडा के गांव इंदलपुर निवासी हरजिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बरेली के रेजीडेंसी गार्डन निवासी आत्मजीत सिंह और उनकी पत्नी गुरुप्रीत कौर से जान पहचान थी। एक दिन आत्मजीत ने बताया कि उनके रिश्तेदार कनाडा में कारोबार करते हैं। वह उनको भी कनाडा का वीजा दिलवा सकते हैं। इसमें 10-15 लाख रुपये का खर्च आएगा। हरजिंदर ने अपने भाई भूपेंद्र सिंह से बात की। इसके बाद वर्ष 2018 में 15 लाख रुपये में कनाडा के वर्क वीजा की बात तय हो गई।
उन्होंने आत्मजीत को छह लाख रुपये एडवांस दे दिए। इसके बाद उन्होंने अपनी भाभी वीर कौर के खाते से कई बार में पांच लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। उन्हें एक साल में वीजा देने को कहा गया। बाद में कोरोना संक्रमण शुरू हो गया। इस बीच आत्मजीत, गुरुप्रीत कौर लगातार आश्वासन देते रहे। 15 जनवरी को दोनों आरोपी उनके घर आए और एक कागज देकर कहा कि वीजा बन गया है। शेष राशि पांच लाख रुपये भी उन्होंने लोगों से लेकर दोनों को दी। बाद में उनको पता चला कि वीजा के नाम पर उनसे ठगी की गई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।