फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: तीन केंद्रों पर नौ को 1502 परीक्षार्थी देंगे बीएड प्रवेश परीक्षा

Sat, 08 Jun 2024 05:00 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
कलक्ट्रेट सभागार में बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर बैठक में मौजूद अ​धिकारी। स्रोत : प्रशासन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2024 का आयोजन नौ जून को किया जाएगा। इसके लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं। 1502 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान संंबंधितों को निर्देशित किया गया।
विज्ञापन


एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक के दौरान एसएस कॉलेज के प्राचार्य एवं परीक्षा के नोडल समन्वयक (जनपद) प्रोफेसर आरके आजाद ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से कराई जाएगी। इसके लिए एसएस कॉलेज में दो तथा जीएफ कॉलेज में एक केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक रहेगी।
एसएस कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र-ए में 510 तथा बी में 482 परीक्षार्थी बैठेंगे, तो जीएफ कॉलेज में 510 परीक्षार्थी रहेंगे। बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, पेयजल, महिला-पुरुष शौचालय, रैंप, बिजली, पंखा मूलभूत आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं हैं। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सिंह, एसपी सिटी संजय कुमार, डीआईओएस हरिवंश कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


-
सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र प्रतिनिधि तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। तीनों परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात कर दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था रहेगी। जबकि केंद्रों तक परीक्षा सामग्री भेजने तथा वापस लाने को केंद्र प्रतिनिधि के साथ दो-दो सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था रहेगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश
एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने आवागमन की व्यवस्था के लिए एआरएम रोडवेज व एआरटीओ को निर्देश दिए। शहर में यातायात को सुचारू रखने तथा बस अड्डा, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को एसपी सिटी को निर्देशित किया।
-
कोषागार के डबल लॉक में रखे जाएंगे प्रश्न-पत्र
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रश्न-पत्रों/ओएमआर पत्रकों तथा जांच पत्र को राजकीय कोषागार के डबल लॉक में रखा जाएगा। यह कार्य डीएम की ओर से नामित अधिकारी और विश्वविद्यालय से नामित नोडल अधिकारी की देख-रेख में होगा।
-
धारा 144 लागू रहेगी
- परीक्षा के दौरान जिले में धारा 144 सीआरपीसी की निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस दौरान परीक्षा परिसर में कोई भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन नहीं किया जाएगा। परीक्षा के दौरान केंद्र के 500 मीटर की परिधि में फोटोकाॅपी की मशीनें, साइबर कैफे आदि संचालित नहीं होंगे। कोविड-19 प्रोटोकाल के समस्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
-
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस प्रतिबंधित, बायोमैट्रिक सत्यापन पर मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र के अंदर किसी तरह से मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक अथवा ब्लूटूथ डिवाइस ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा में केवल काले बॉल पेन का ही उपयोग किया जाएगा। एजेंसी से बायोमैट्रिक सत्यापन के आधार पर ही परीक्षा केंद्र पर प्रवेश मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें