शाहजहांपुर। होली करीब है और शहर में जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हैं। मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों तक में स्थिति भयावह है। कूड़े से नाले और नालियां चोक हो रही हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है नियमित कूड़े का उठान करवाया जा रहा है। होली से पहले लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई कर कूड़े को सड़कों पर डाल रहे है। सामान्य दिनों में नगर निगम के 60 वार्डों से रोजाना 143 टन कूड़ा निकलता है, लेकिन होली से 15 दिन पहले से ही प्रतिदिन 150 टन से ज्यादा कूड़ा निकल रहा है।
-
कूड़े के ढेर में लगा दी आग
पूर्वाह्न 11 बजे पुराना आरटीओ ऑफिस के पास कूड़े जलता मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि कई दिन से कूड़ा पड़ रहा था, जिसका ढेर लग गया। किसी ने इसमें आग लगा दी। रोजाना झाडू नहीं लगी रही, कूड़ा उठान तो दूर की बात है।
धार्मिक स्थल के सामने लगा कूड़े का ढेर
पूर्वाह्न 11:15 बजे मोहल्ला बाडूजई में धार्मिक स्थल के सामने पुलिया के पास कूड़े का ढेर लगा था, उसी में एक निराश्रित पशु भी बैठा था। कूड़ा देखकर ही लग रहा था कि कई दिनों से उठाया नहीं गया। इससे बदबू भी उठ रही है।
मुख्य मार्ग पर लाकर डाला जा रहा कूड़ा
पूर्वाह्न 11:45 बजे लाल इमली चौराहा से मल्हार मोड़ वाली रोड पर ट्रांसफार्मर के पास एक ठेली वाला कूड़ा पलटता दिखा। बताया कि आसपास के मोहल्ले से यहां लाकर इकट्टा करते हैं। वहीं आसपास के दुकानदारों का कहना है कि डलावघर को मुख्य मार्ग से हटाया जाना चाहिए।
तीन दिन रहेगी होली की छुट्टी और भयावह हो सकती है स्थिति
होली को लेकर मंगलवार से छुट्टियां शुरू हो रही हैं। नगर निगम के सफाईकर्मी भी अवकाश पर रहेंगे। इससे शहर में सफाई व्यवस्था और चरमरा सकती है। हालांकि नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज का कहना है तक सभी सफाईकर्मियों को एक साथ अवकाश नहीं दिया जाएगा। नियमित सफाई और कूड़ा उठान होगा।
सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की व्यवस्था
200 नियमित कर्मचारी
165 संविदा कर्मचारी
424 आउटसोर्स कर्मचारी
27 ट्रॉलियां
27 मैजिक
02 लोडर
कंट्रोल रूम नंबर पर करें शिकायत
यदि कहीं पर सफाई या कूड़ा उठान नहीं हो रहा है। इसके साथ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था आदि की समस्या है, तो नगर निगम के नंबर 1533 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। तुरंत समस्या का समाधान करवाया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
- डॉ. मनोज कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।
शहर में पुराना एआरटीओ कार्यालय के पास जलता कूड़ा
शहर में पुराना एआरटीओ कार्यालय के पास जलता कूड़ा