नगर में फैले अतिक्रमण से लगने वाले जाम और फल विक्रेताओं के विरोध के मामले में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजंरग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन कर तहसीलदार इरफानउल्ला खां को ज्ञापन दिया। तहसीलदार को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर के सभी प्रमुख रास्तों के अलावा कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर भारी अतिक्रमण के चलते जाम लगने की समस्या बनी रहती है। समस्या से निजात दिलाने को नगर पालिका ने काकोरी शहीद इंटर कॉलेज के पास नया फुटपाथ बनाकर फल विक्रताओं को दुकानें वही लगाने को कहा था। फल वालों ने न केवल उस निर्देश की अवहेलना की बल्कि हाईवे पर जाम लगाकर भड़काऊ नारेबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। ज्ञापन मे फल विक्रेताओं की दुकानें पालिका द्वारा बनाए गए फुटपाथ पर लगवाए जाने, जाम लगाकर बवाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, नालों पर अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूलने और रोड पर लगने वाली सभी तरह की दुकानों को हटवाए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र गौर कर कार्रवाई न की गई तो वह लोग आंदोलन करने को विवश होंगे। इस मौके पर मुनिराज सिंह, अमित दीक्षित, प्रियांशु शुक्ला, आलोक सिंह, विपिन सिंह छोटू, अंकित राठौर, राम पांडेय, प्रशांत गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।