शाहजहांपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में जलालाबाद-ढाईघाट शमशाबाद स्टेट हाईवे पर गांव धीयरपुरा के निकट गंगा की बाढ़ के पानी में ढाईगांव निवासी लालाराम का 12 वर्षीय पुत्र ध्रुव साइकिल सहित बह गया। आसपास के लोगों ने उसे पानी से बाहर निकालकर सीएचसी जरीनपुर ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ढाईगांव निवासी ध्रुव घर से साइकिल लेकर दो हम उम्र बच्चों के साथ गंगा की बाढ़ देखने ढाईघाट की ओर जा रहा था। ढाईघाट स्टेट हाईवे पर ग्राम धीयरपुरा के समीप डिप पर तेजी से बह रहे बाढ़ के पानी को साइकिल से पार करते समय वह साइकिल सहित पानी के तेज बहाव में बह गया।
हाईवे की डिप पर बाढ़ के पानी मे नहा रहे लोगों ने डिप के नीचे गहरे पानी में छलांग लगाकर ध्रुव को बचाने का प्रयास किया। तैराकों ने उसे जैसे तैसे बाहर निकाला। थाना प्रभारी विनोद कुमार तोमर ने एम्बुलेंस से ध्रुव को सीएचसी जरीनपुर भेजा। सीएचसी में डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। ध्रुव की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।